उर्मिला मातोंडकर का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से हो सकता है।

288
कांग्रेस में शामिल हुईं उर्मिला

उर्मिला के मुंबई नॉर्थ सीट से चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है। हालांकि कांग्रेस के नेताओं की ओर से इसे लेकर अभी कोई भी बयान नहीं दिया गया है। उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से हो सकता है

कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद मुंबई पहुंची अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। उन्‍होंने कहा कि बीजेपी के पिछले 5 साल के कार्यकाल में केवल घृणा और असहिष्‍णुता का माहौल रहा है। उन्‍होंने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में फिल्‍मी सितारों को भी निशाना बनाया गया। उर्मिला ने कहा कि अब बातें करने में भी डर लगता है।
गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस नेता उर्मिला ने कहा कि देश अब भूतकाल में जाता दिखाई दे रहा है। मैं लोगों से अपील करूंगी कि वे दुष्‍प्रचार के पीछे अब न जाएं। बता दें कि फिल्मों के बाद राजनीति में नई पारी का आगाज करते हुए अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उर्मिला कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, प्रियंका चतुर्वेदी और मुंबई कॉग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा की मौजूदगी में कांग्रेस से जुड़ीं।
उत्तर मुंबई से चुनाव लड़ सकती हैं उर्मिला 
माना जा रहा है कि उर्मिला मातोंडकर को उत्तर मुंबई से लोकसभा सीट से मैदान में उतार सकती है। कांग्रेस में शामिल होकर उर्मिला ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया था। उन्होंने कहा, ‘मेरा इतना तहे दिल से स्वागत के लिए शुक्रिया। मेरे लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है, क्योंकि मैं आज से सक्रिय राजनीति में उतरने जा रही हूं। मेरे परिवार की सोच महात्मा गांधी और सरदार पटेल की विचारधारा से जुड़ी हुई है। मैं हमेशा से कांग्रेस के सिद्धांत से जुड़ी रही हूं और लोगों की आवाज बनने के लिए राजनीति में आई हूं।’
उन्होंने कहा, ‘न मैं चुनाव के चलते आई हूं और न चुनाव के बाद जाने वाली हूं। कांग्रेस की विचारधारा से हमेशा से मुझसे जुड़ी हुई है और मैं हमेशा यहीं रहूंगी।’ उर्मिला के मुंबई नॉर्थ सीट से चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है, हालांकि कांग्रेस के नेताओं और उर्मिला की ओर से इसे लेकर अभी कोई भी बयान नहीं दिया गया है।
बीजेपी सांसद गोपाल शेट्टी से हो सकता है मुकाबला
अगर उर्मिला मातोंडकर को उम्मीदवार बनाया जाता है तो उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होगा। इस सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। हालांकि बॉलिवुड अभिनेता गोविंदा ने वर्ष 2004 में पूर्व पेट्रोलियम मंत्री राम नाईक को यहां से पराजित किया था। नाईक इस समय उत्तर प्रदेश के राज्यपाल हैं।
नाईक को वर्ष 2009 में संजय निरूपम के हाथों फिर हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन साल 2014 में मोदी लहर के दौरान गोपाल शेट्टी ने निरूपम को पराजित कर दिया। बता दें कि मुंबई की 6 लोकसभा सीटों के लिए चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा, और इसी दिन राज्य की 17 अन्य सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे।